Spring In A Bottle Becomes Best Ai Film At Lucknow Film Festival Discussions On New Possibilities In Gaming And Animation
स्प्रिंग इन ए बॉटल बनी बेस्ट AI फिल्म
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सिनेमा की कहानियां, एनीमेशन की दुनिया और गेमिंग का भविष्य… इनका संगम लखनऊ फिल्म फेस्टिवल सीजन-4 और ‘ इमैजिनेरियम 2026 ’ में देखने को मिला। गोमती नगर स्थित एसआरएस सिनेमा में हुए दो दिवसीय महोत्सव का शनिवार को समापन हुआ। यहां एआई की मदद से फिल्म निर्माण, अंतरराष्ट्रीय फिल्मों और गेमिंग की नई संभावनाओं पर चर्चा हुई। साथ ही फिल्मों की स्क्रीनिंग और पुरस्कार समारोह भी प्रमुख आकर्षण रहे।
दूसरे दिन शनिवार की शुरुआत स्प्रिंग इन ए बॉटल , ट्रेडिंग कार्ड्स, अंटिल कैन फ्लाई और द ब्रिज जैसी शॉर्ट फिल्मों की स्क्रीनिंग से हुई। इसके बाद राजेश भाटिया और भरत अरोड़ा ने ‘AI: द न्यू कैनवस’ विषय पर मास्टरक्लास में एआई आधारित फिल्म निर्माण के पहलुओं को साझा किया। एआई हैकाथॉन में तैयार फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। एनीमेशन फिल्म निर्माता वैभव कुमारेश ने ‘रिटर्न टू द जंगल’ की रचनात्मक और तकनीकी प्रक्रिया के बारे में बताया। वहीं, ‘बेस्ट ऑफ पोलिश एनीमेशन फिल्म पैकेज’ के तहत अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की स्क्रीनिंग हुई। गेमिंग पर हुए पैनल चर्चा में विशेषज्ञों ने ‘क्रिएट इन इंडिया’ पहल और इंटरैक्टिव मनोरंजन के भविष्य पर विचार रखे।अंतरराष्ट्रीय फिल्मों को मिले पुरस्कार
पुरस्कार समारोह में ‘स्लो डेटिंग’ को सर्वश्रेष्ठ क्रिटिक्स अवॉर्ड, ‘कारटापेस्ता’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री और ‘ट्रेडिंग कार्ड्स’ को सर्वश्रेष्ठ एनीमेशन अवॉर्ड मिला। ‘स्प्रिंग इन ए बॉटल’ सर्वश्रेष्ठ एआई-असिस्टेड फिल्म चुनी गई, जबकि लखनऊ फिल्म फेस्टिवल की चयनित फिल्मों में ‘अंटिल कैन फ्लाई’ ने सर्वश्रेष्ठ एनीमेशन का पुरस्कार जीता। उत्तर प्रदेश पर्यटन, बीबीडी एजुकेशनल ग्रुप और एसआरएस सिनेमा के सहयोग से हुए महोत्सव का समापन ऑस्कर के लिए नामांकित फिल्म ‘पारो’ की स्क्रीनिंग और तृप्ति विलास भोइर के साथ संवाद सत्र से किया गया।