परीक्षा की शुचिता, सुरक्षा और सुचारु संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता: CM

Contributed by: anand.tripathi|नवभारतटाइम्स.कॉम•
up pet exam cm yogi gives instructions for integrity security and smooth conduct
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) आज होगी। इसके अलावा परीक्षा का आयोजन 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को किया जाएगा। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के साथ अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।

परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर व स्टैटिक मैजिस्ट्रेट होंगे तैनात : मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर एवं स्टैटिक मैजिस्ट्रेट की तैनाती की जाए। साथ ही अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों और ट्रेनों के संचालन भी करने के निर्देश सीएम ने दिए। बैठक में बताया गया कि परीक्षा की तैयारियों के संबंध में आयोग स्तर पर डीजी रेलवे और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की जा चुकी है। परीक्षा की तिथियों में सभी केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और टेंपो स्टैंड पर स्वच्छता के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएं।
बैठक में बताया गया कि पीईटी-2026 का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को कुल छह पालियों में किया जाएगा। परीक्षा के लिए प्रदेश के 60 जनपदों में 1,372 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 35,41,297 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। हर पाली में 5,90,217 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई है। आगरा, अलीगढ़, झांसी, गोरखपुर, गाजियाबाद, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद और प्रयागराज सहित नौ जनपदों में प्रत्येक पाली में 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग मुख्यालय में कमांड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की कैमरों के जरिए लाइव निगरानी की जा रही है।