80 साल पुरानी मज़ार पर चला बुलडोजर, जमींदोज

नवभारतटाइम्स.कॉम
80 year old mazar bulldozed illegal encroachment removed from government land
n NBT न्यूज, लोनी

खोड़ा में नाबालिग सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद जिले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे प्रशासन के रडार पर हैं। इसी कड़ी में शनिवार को इंदिरा मार्केट में सरकारी जमीन पर बनी 80 साल पुरानी मजार पर बुलडोजर चला दिया गया। प्रशासन की टीम ने 500 पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी में कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान एडीएम और डीसीपी ने टीम का नेतृत्व किया। बताया गया कि इस मजार के कारण ट्रैफिक संचालन प्रभावित हो रहा था। बस समेत अन्य बढ़े वाहन मुड़ नहीं पा रहे थे। एसडीएम दीपक सिंघनवाल ने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा किया गया था। रेकॉर्ड में कोई मजार नहीं मिला। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि सरकारी जमीनों पर कब्जा किसी भी सूरत में सहन नहीं होगा। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लोनी तिराहे से गाजियाबाद जाने वाली रोड पर इंदिरा मार्केट के सामने सड़क पर अवैध रूप मजार बनी थी। कई बार इसकी शिकायत प्रशासन दी गई। 80 साल पुरानी इस मजार की जांच करने के लिए पुराने रेवेन्यू रेकॉर्ड खंगाले गए। पता लगा की सरकारी अभिलेखों में इस मजार का कोई उल्लेख नहीं है। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया। शनिवार को टीम ने नगर पालिका के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। कई थानों की पुलिस के अलावा पीएसी और अन्य बलों के जवानों ने पूरे क्षेत्र काे घेर लिया था। इसके बाद मजार पर बुलडोजर चढ़ाकर अवैध कब्जा दूर कर दिया।

लोगों का कहना था कि यह मजार यातायात के लिए बड़ी बाधा बनी हुई थी। आधी सड़क घिरी होने के कारण यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती थी। मजार से करीब 20 मीटर की दूरी पर स्थित बस स्टैंड से गाजियाबाद शहर के लिए बसों का संचालन होता है, लेकिन बसों को मुड़ने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।