Rs 35 Lakhs Duped By Luring Online Trading Cyber Cell Registers Fir
ट्रेडिंग का झांसा देकर ठग लिए 35 लाख रुपये
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा : ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी के दो और मामले सामने आए हैं। ठगों ने दो पीड़ितों से कुल 35 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली। दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई, उनके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पहले मामले में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की वैलेंसिया हवेलिया होम्स सोसायटी निवासी राहुल राजपूत (45) ने शिकायत दी है कि 21 फरवरी 2025 को उन्हें वॉट्सऐप के ‘666-एएसके वेल्थ मैनेजमेंट’ ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में घर बैठे ऑनलाइन ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया गया। शुरुआत में छोटे निवेश पर लाभ दिखाकर उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। राहुल ने 10 मार्च से 16 अप्रैल 2025 के बीच विभिन्न किस्तों में कुल 11.10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में न तो रकम वापस मिली और न ही कोई मुनाफा। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। दूसरे मामले में सेक्टर-44 स्थित स्काई होम, छलेरा निवासी वर्णिक सिंह (21) से ऑनलाइन निवेश के नाम पर 24 लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ित ने 28 मई 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर दो शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसके बाद उन्होंने एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया।