जलनिकासी और सफाई व्यवस्था का लिया जायज़ा

नवभारतटाइम्स.कॉम
gurugram commissioner reviews drainage and sanitation system on nh 8 rs 25000 fine issued
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव : नगर निगम गुड़गांव के कमिश्नर प्रदीप दहिया ने शनिवार को अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) एवं उसके आसपास के एरिया का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, जलनिकासी प्रबंधों व सार्वजनिक स्थलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ अडिश्ननल निगम कमिश्नर यश जालुका व रविन्द्र यादव और जॉइंट कमिश्नर डॉ. प्रीतपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राजीव चौक के निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को फ्लाईओवर के पास खाली पड़े स्थान पर बोगनवेलिया के पौधे लगाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र सुंदर व हरा-भरा दिखे। इसके साथ ही ग्रीन बेल्ट में लोगों द्वारा कूड़ा फेंकने की आदत पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने तुरंत ग्रिल फेंसिंग कराने के आदेश दिए।

अवैध सीवरेज कनेक्शनों की जांच
राजीव चौक से हीरो होंडा चौक की ओर बढ़ते हुए उन्होंने सर्विस लेन के साथ स्थित भवनों के सीवरेज कनेक्शनों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी भवन स्वामी अपने सीवेज का अवैध या अनुचित डिस्चार्ज सार्वजनिक स्थानों अथवा मुख्य ड्रेनेज सिस्टम में न करे। ऐसा पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मॉनसून को देखते हुए उन्होंने हाइवे के साथ बनी ड्रेन की प्रतिदिन सफाई कराने को कहा है।

मौके पर काटा 25 हज़ार का चालान

निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी गाज गिरी। हाइवे की सर्विस लेन पर एक निर्माणाधीन भवन के मालिक की ओर से सार्वजनिक स्थान पर सीएंडडी वेस्ट (भवन निर्माण का मलबा) फेंका पाया गया था। निगम कमिश्नर के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही 25,000 रुपये का चालान काटा गया और भवन मालिक को तुरंत मलबा हटाने की चेतावनी दी गई।