Youth Brutally Attacked With Rods On Jawan mohna Road Left With Broken Limbs
युवक पर रॉड से जानलेवा हमला, हाथ-पैर तोड़ डाले
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, बल्लभगढ़
छांयसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जवां-मोहना रोड पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कुछ लोगों ने एक युवक को बीच रास्ते में घेरकर रॉड और पाइपों से बेरहमी से पीट-पीटकर घायल कर दिया। हमलावरों ने पीड़ित के दोनों पैर और एक हाथ को फ्रैक्चर कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले का कारण अभी पता नहीं चल सका।कार सवार लोगों ने किया हमला: पलवल के गांव जैबाबाद खेड़ली के रहने वाले अशोक कुमार ने बताया कि वह शाम के समय जवां गांव से मोहना रोड की तरफ जा रहे थे। करीब 7:55 बजे जब वे मोहना के पास स्थित आईटीआई के नजदीक पहुंचे, तो अचानक एक सफेद रंग की स्विफ्ट उनके सामने आकर रुकी। कार के रुकते ही उसमें से करीब 4 से 5 युवक बाहर निकले। उन सभी के हाथों में रॉड और भारी पाइप थे। इससे पहले कि अशोक कुछ समझ पाते, युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, बदमाशों का मकसद उन्हें जान से मारना था। वे लगातार उनके पैरों और हाथों पर वार करते रहे। अशोक के चिल्लाने और लहूलुहान होकर गिरने के बाद हमलावर अपनी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।