दिन में कैब ड्राइवरी और रात में गुलेल से रेकी कर करते थे चोरी

नवभारतटाइम्स.कॉम
cab driver by day recce by slingshot at night for theft bcom graduate also involved
n NBT रिपोर्ट, नोएडा : सेक्टर-20 थाना पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो दिन में उबर टैक्सी चलाकर सामान्य नागरिक की तरह रहते थे, लेकिन रात होते ही चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इनमें से एक आरोपी बीकॉम ग्रेजुएट है, जबकि दूसरा पेशेवर अपराधी।

एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान आशीष (बीकॉम पास आउट) और फिरोज उर्फ बबलू के रूप में हुई है। इनके काम करने का तरीका बेहद चौंकाने वाला था। आरोपी पहले चोरी की बाइक से कॉलोनियों की रेकी करते थे। वे उन घरों को चिन्हित करते थे जिनके बाहर अखबार पड़े होते थे या रात में लाइटें बंद रहती थीं। घर खाली है या नहीं, यह पुख्ता करने के लिए वे गुलेल का सहारा लेते थे। वे खिड़की या दरवाजे पर गुलेल से कंकड़ मारते थे। यदि अंदर से कोई हलचल नहीं होती, तो वे समझ जाते थे कि परिवार बाहर गया है। निशाना तय होने के बाद आरोपी महज 15 से 30 मिनट के भीतर घर में घुसकर अलमारी और लॉकर खंगाल देते थे। वे केवल कीमती जेवर, नकदी, लैपटॉप और मोबाइल जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान ही बटोरते थे ताकि भागने में आसानी हो। आशीष, जो सेक्टर-44 छलेरा का निवासी है, उस पर चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 14 मामले दर्ज हैं। वहीं, बुलंदशहर निवासी फिरोज महज तीसरी पास है लेकिन अपराध में माहिर है।