चार दिन भी नहीं टिक सकी सीमेंटेड सड़क

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad poor construction cemented road uprooted in four days corporation orders reconstruction
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

एनआईटी की डबुआ कॉलोनी में घटिया निर्माण सामग्री से रोड बनाने का मामला सामने आया है। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू किया तो मामला नगर निगम अधिकारियों तक पहुंची। निगम अधिकारी ने रोड को दोबारा बनाने का निर्देश दिया है।
निगम ने डबुआ कॉलोनी की गलियों की खुदाई कर सीमेंटेड रोड बनाने की योजना बनाई हुई है। इसके तहत चार दिन पहले गली नंबर पांच की रोड बनाई गई थी, जो कुछ दिनों बाद ही उखड़ने लगी। निर्माण के दौरान लोगों को शक हुआ कि घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ने इसका विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिस पर लोगों ने निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए। प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया कि रोड बनाने में सीमेंट कम राख का प्रयोग अधिक किया गया है। इस मामले में एसई ओमबीर सिंह ने फोन रिसीव नहीं किया, जबकि ईएक्सईएन सतपाल सिंह से संपर्क नहीं हो सका।

एनएचपीसी चौक की रोड को भी उखाड़ा गया था: निगम ने एनएचपीसी चौक से लिंक रोड की ओर जाने वाली सड़क को पिछले दिनों बनाया था। इसके निर्माण में भी घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। चीफ इंजीनियर विवेक गिल और ईएक्सईएन नितिन कादियान ने निरीक्षण कर दोबारा बनाने का आदेश दिया था।