अतिक्रमण का अड्डा गोमतीनगर स्टेशन

नवभारतटाइम्स.कॉम
gomtinagar station overrun by encroachment passengers troubles increase
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ

गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारपुरम की ओर एंट्री पॉइंट पर मुख्य सड़क अतिक्रमण से चोक हो गई है। आलम यह है कि यात्रियों को ट्रेनें पकड़ने में पसीने छूट रहे हैं। सबसे ज्यादा मुश्किल रात में हो रही है। रात में ही गोमतीनगर से मुंबई, बिहार के लिए प्रमुख ट्रेनें हैं। ऐसे में यात्रियों को भी स्टेशन तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलना पड़ रहा है। वहीं, मुख्य सड़क पर जाम को लेकर स्थानीय नागरिकों ने कई बार शिकायतें की हैं लेकिन जिम्मेदारों ने आंखें मूद लीं हैं।
गोमतीनगर रेलवे स्टेशन से प्रमुख ट्रेनों में पुष्पक एक्सप्रेस है। इसके अलावा गोमतीनगर से छपरा के लिए दो ट्रेनें और लखनऊ बरौनी एक्सप्रेस के भी बड़ी संख्या में यात्री आते हैं। ये सभी ट्रेनें रात में हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन पकड़ने पहुंचते हैं। वर्तमान में पत्रकारपुरम की ओर से ही मुख्य द्वार है। यहां से यात्रियों को आने-जाने में काफी सुविधा होती है। जबकि स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट भी बना हुआ है। इसका भी गेट मुख्य रोड पर खुलता है। ट्रेनों की संख्या बढ़ने के बाद भी यात्रियों की संख्या बढ़ी तो ठेले-खोमचों वालों ने भी कब्जा कर लिया। वहीं बगल में ही शराब का ठेका है। इसकी वजह से भी बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं। यहां आने वाले लोग गाड़ियों को मुख्य रोड पर ही खड़ी कर देते हैं। इसकी वजह से भीषण जाम लगता है।