n NBT न्यूज़, सुशांत गोल्फ सिटी : अर्बन वुड अपार्टमेंट में दो बिल्डरों की लड़ाई के बीच शनिवार को पार्किंग विवाद फिर भड़क गया। अपार्टमेंट के निवासियों ने बिल्डरों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए परिसर में हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर लोगों को शांत करवाया। रेजिडेंट्स ने बताया कि शुक्रवार शाम बेसमेंट पार्किंग के एंट्री पॉइंट के पास गिट्टी और स्विमिंग पूल की तरफ अचानक ईंटें गिराई जाने लगीं। जब निवासियों ने विरोध कर पुलिस बुलाई, तो पता चला कि यह मटैरियल फेज-1 के बिल्डर शशांक गुप्ता की ओर से मंगाया गया था। उनकी योजना बेसमेंट और स्विमिंग पूल के पास दीवार खड़ी कर फेज-2 के लोगों की पार्किंग और रास्ता पूरी तरह बंद करने की थी।
पहले भी तोड़ी जा चुकी है दीवार : फ्लैट मालिकों के मुताबिक, दोनों बिल्डर पहले पार्टनर की तरह मिलकर काम कर रहे थे, लेकिन बाद में उनके बीच विवाद हो गया। इससे पहले भी बीच में एक दीवार खड़ी की गई थी, जिसे फेज-2 के बिल्डर आशीष अग्रवाल ने निवासियों के आवागमन को सुगम करने के लिए हटवा दिया था। अब दोबारा वहां कब्जा करने की कोशिश हो रही है।हंगामे की सूचना पर पहुंची सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने मौके पर दोनों बिल्डरों को मामले का हल निकालने के लिए बुलाया। लेकिन दोनों ही पक्ष आपस में बैठकर बात करने को तैयार नहीं हुए। आखिरकार पुलिस ने निवासियों को जल्द से जल्द विधिक तरीके से मामला सुलझाने का आश्वासन देकर हंगामा शांत कराया। इस पूरे प्रकरण पर फिलहाल दोनों ही बिल्डरों ने कुछ भी बोलने से साफ मना कर दिया है।