निशुल्क ले सकेंगे इस्तेमाल लायक कंस्ट्रक्शन वेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम
use construction waste for free gmdas new online initiative
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

कंस्ट्रक्शन और डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट के बेहतर प्रबंधन के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। GMDA ने पहली बार विशेष ऑनलाइन सीएंडडी वेस्ट पोर्टल लॉन्च किया है।
इससे कोई भी डिजिटल रूप से अनुमति लेकर फिर से उपयोग योग्य कंस्ट्रक्शन वेस्ट को निशुल्क ले सकता है। इसके लिए gmda.gov.in/gmdawaste पर आवेदन कर सकते हैं। GMDA की ओर से समय-समय पर कंस्ट्रक्शन वेस्ट को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाता है। इस दौरान एकत्र किए गए वेस्ट को सेक्टर-72 के बहरामपुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के पास बने GMDA के निर्धारित कलेक्शन सेंटर में जमा किया गया है। पोर्टल के माध्यम से अनुमति मिलने के बाद आवेदक इस सेंटर से सामग्री का कलेक्शन और ट्रांसपोर्टेशन कर सकेंगे।

ऐसे समझें पूरी प्रक्रिया : मोबाइल नंबर और ओटीपी सत्यापन से कुछ ही मिनटों में अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन करते समय उस स्थान की जानकारी देनी होगी जहां इस सामग्री का दोबारा इस्तेमाल किया जाना है। वेस्ट ले जाने वाले वाहन का नंबर, वाहन का प्रकार और उसकी क्षमता का विवरण देना होगा।

आवेदन जमा होते ही स्क्रीन पर क्यूआर कोड युक्त अनुमति पत्र जारी हो जाएगा, जो अगले 7 दिनों तक वैध रहेगा। कलेक्शन सेंटर से सामग्री ले जाने से पहले जीएमडीए के अधिकृत अधिकारी द्वारा इस क्यूआर कोड को स्कैन कर सत्यापित किया जाएगा।