रॉन्ग साइड आ रहे डंपर ने कार को मारी टक्कर, युवक घायल

नवभारतटाइम्स.कॉम
wrong side dumper hits car youth seriously injured
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

बजघेड़ा थाना एरिया के सेक्टर-114 स्थित माउंट कार्मेल स्कूल के पास शुक्रवार सुबह रॉन्ग साइड से तेज स्पीड और लापरवाही से आ रहे एक ओवरलोडेड डंपर ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार चालक बाल-बाल बचा। आरोपी ड्राइवर डंपर सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के द्वारका सेक्टर-19B निवासी कृष गोयनका ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह 10:30 बजे वह अपनी कार से बजघेड़ा से गुड़गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह माउंट कार्मेल स्कूल के पास पहुंचे, तभी सामने से रॉन्ग साइड से एक ओवरलोडेड डंपर आया और उनकी कार में सीधी टक्कर मार दी। पीड़ित के अनुसार, डंपर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए चलाया जा रहा था। वाहन में पीछे की टेल लाइट्स नहीं थीं और न ही उस पर कोई स्पष्ट नंबर प्लेट लगी थी। हादसे के बाद जब पीड़ित ने ड्राइवर को रोकने का प्रयास किया, तो वह तेजी से वाहन भगा ले गया। पीड़ित का आरोप है कि चालक की स्थिति देखकर लग रहा था कि वह नशे में धुत था। पीड़ित को उनके पिता तुरंत द्वारका स्थित एक निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां उनका मेडिकल कराया गया। पीड़ित को सीने में गंभीर चोट और सांस लेने में तकलीफ बताई जा रही है।