Greater Noida Ganga Jal Pipeline Bursts Again Millions Of Liters Of Water Wasted Jal Vibhags Negligence Exposed
फिर फटी पाइपलाइन, लाखों लीटर पानी बहा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
शहर में गंगाजल पाइपलाइन के बार-बार फटने की घटनाओं ने जल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। रविवार सुबह सेक्टर अल्फा-2 से गामा-1 यूजीआर तक बिछी मुख्य पाइपलाइन फिर से फट गई, जिससे लाखों लीटर पानी सड़कों पर बह गया और कई सेक्टरों की जलापूर्ति बाधित हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महज चार दिन पहले ही इसी स्थान पर मरम्मत की गई थी, जो फिर से उखड़ गई।अल्फा-2 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुभाष भाटी ने कहा कि विभाग पुराने पाइपों को बदलने के बजाय केवल पैचवर्क कर खानापूर्ति कर रहा है। बीटा-2 निवासी सतेंद्र कुमार ने बताया कि इस 3 किलोमीटर लंबी जर्जर लाइन में सैकड़ों लीकेज हो चुके हैं, जिससे आए दिन जलभराव और दुर्घटनाएं होती हैं। पिछले सप्ताह ही मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे में एक कार गिर गई थी। सेक्टरवासियों ने मांग की है कि पूरी जर्जर लाइन को तत्काल बदला जाए और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।