एक साल बाद मिली किशोरी, भीख मंगवाने का आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम
one year missing teenager found begging was being forced into sex trade by luring marriage
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : घर से एक वर्ष पहले लापता हुई किशोरी (16) को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने सकुशल बरामद कर लिया है। किशोरी सीतापुर के महमूदाबाद स्थित संकटा देवी मंदिर के पास भीख मांगते हुए मिली। इस मामले में पुलिस ने बाराबंकी निवासी एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपित उसे शादी का झांसा देकर ले गया था। इसके बाद भीख मंगवा रहा था।

पुलिस के मुताबिक मदेयगंज क्षेत्र से 18 अप्रैल 2025 को किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। परिवारीजनों ने मदेयगंज पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नाबालिग का मामला होने और लंबे समय तक कोई सुराग न मिलने पर जांच एएचटीयू को सौंप दी गई। एएचटीयू ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू की। टीम ने डिजिटल फुटप्रिंट, तकनीकी साक्ष्य और विभिन्न जिलों की पुलिस के सहयोग से लगातार पड़ताल की। करीब एक वर्ष तक चले प्रयासों के बाद टीम ने सीतापुर के महमूदाबाद स्थित संकटा देवी मंदिर के पास किशोरी को बरामद कर लिया।
किशोरी ने बताया कि बाराबंकी निवासी सलमान उसे शादी का झांसा देकर ले गया था। इसके बाद वह उसे अपने गांव ले गया, जहां अपने परिवार के साथ रखा और उससे भीख मंगवाई। बरामदगी के समय भी किशोरी सीतापुर के महमूदाबाद स्थित संकटा देवी मंदिर के पास भीख मांगने पहुंची थी। जांच के आधार पर पुलिस ने बाराबंकी के बड्डूपुर स्थित बसंतपुर निवासी आरोपित सलमान को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसका बयान दर्ज कराया गया। इसके बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सुरक्षित संरक्षण के लिए राजकीय बाल गृह भेज दिया गया।