1 Lakh 4 Thousand Stolen From Shani Dev Temple Mahants Room Youth Accused Of Breaking Lock And Taking Cash
मंदिर के महंत के कमरे का ताला तोड़कर एक लाख चोरी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : सदर थाना क्षेत्र के दयालपुर खेड़ा स्थित शनिदेव मंदिर में रहने वाले महंत ने मंदिर परिसर में बने विश्राम गृह का ताला तोड़कर एक लाख चार हजार रुपये चोरी करने का आरोप गांव के ही एक युवक पर लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और रकम बरामद कराने की मांग की है। इस मामले में केस दर्ज किया गया है।
दयालपुर खेड़ा निवासी बजरंग दास ने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से शनिदेव मंदिर में महंत के रूप में सेवा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान उन्होंने अपने विश्राम गृह में रखी लोहे की अलमारी में एक लाख चार हजार रुपये सुरक्षित रखे थे। शिकायत के अनुसार 30 जून को दोपहर करीब 12:10 बजे गांव का ही रवि कथित तौर पर विश्राम गृह के गेट का कुंडा और अलमारी का ताला तोड़कर नकदी निकालकर भाग गया। महंत का कहना है कि उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उन्हें धक्का देकर फरार हो गया। बाद में अलमारी की जांच करने पर उसमें रखी पूरी नकदी गायब मिली। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने सदर बल्लभगढ़ थाना पहुंचकर शिकायत दी।