बाइक सवार ने 4 साल की मासूम को मारी टक्कर, गंभीर रूप से घायल

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad speeding bike hits 4 year old child critically injured
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : शहर की न्यू जनता काॅलोनी में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का कहर देखने को मिला है। यहां गली में खेल रहे एक 4 वर्षीय बच्चे को मोटरसाइकल सवार युवकों ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, न्यू जनता काॅलोनी निवासी शिमांशु भाटिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 4 वर्षीय भांजा रियांश सुबह करीब 10:30 बजे घर के बाहर गली में खेल रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकल पर सवार दो लोग बेहद लापरवाही और तेज गति से आए और मासूम रियांश को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चा सड़क पर दूर जा गिरा। दुर्घटना में 4 वर्षीय रियांश को गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।