Dps Chowk Beautification Halted Public Suffering From Dust And Traffic Jams
डीपीएस चौराहे का रुका सौंदर्यीकरण, धूल और जाम से आमजन बेहाल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
डीपीएस चौराहे से लेकर लीलावती चौक तक होने वाले सौंदर्यीकरण और सड़क को चौड़ा करने का काम धीमा हो गया है। आरोप है कि पिछले कुछ समय से ठेकेदार की टीम काम करने नहीं आ रही है। जिसके चलते स्थानीय निवासियों और राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है। लोगों का कहना है कि इस पूरे प्रॉजेक्ट का मकसद विजयनगर और प्रताप विहार क्षेत्र को जाम से मुक्ति दिलाना था। इसी साल 12 अप्रैल को जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल, मेयर सुनीता दयाल और स्थानीय पार्षदों ने करीब 4.70 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रॉजेक्ट का उद्घाटन किया था। पिछले करीब 20 दिनों से अचानक पूरा निर्माण कार्य बंद पड़ा है।उड़ती धूल से लोग परेशान: सड़क किनारे काम अधूरा छूटने की वजह से लीलावती चौक पर एक गहरा गड्ढा हो गया था। हादसे के डर से अधिकारियों ने आनन-फानन में इसको मिट्टी से तो भरवा दिया, लेकिन यह राहत आफत बन गई है। इस मिट्टी पर पानी का छिड़काव न होने के कारण अब वहां दिनभर धूल का गुबार उड़ता रहता है। लोग धूल की वजह से सांस और आंखों की बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। वहीं, खुदी पड़ी सड़कों के कारण पीक ऑवर्स में लंबा जाम लग रहा है।
काम जल्द शुरू कराने की मांग: ठेकेदार की इस मनमानी और जीडीए की सुस्ती से नाराज होकर अब स्थानीय लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। पार्षद संतराम यादव और संतोष राणा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को लेकर जीडीए उपाध्यक्ष और मेयर से शिकायत की है। उनका कहना है कि जनता टैक्स देती है, लेकिन उसे सिर्फ धूल और जाम की सौगात मिल रही है। उन्होंने मांग की है कि लापरवाह ठेकेदार पर तुरंत कार्रवाई की जाए, निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाए।