Power Crisis Women Block Delhi saharanpur Road In Loni Increased Trouble In Scorching Heat
बिजली संकट से नाराज महिलाओं ने दिल्ली-सहारनपुर रोड को किया जाम
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लोनी
भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती और बार-बार होने वाले फॉल्ट से परेशान अशोक विहार कॉलोनी की महिलाओं का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने कॉलोनी के बाहर दिल्ली-सहारनपुर रोड पर जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब 25 मिनट तक चले प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने पर महिलाएं सड़क से हटीं।महिलाओं का आरोप था कि करीब आठ दिन पहले कॉलोनी का ट्रांसफाॅर्मर फुंक गया था, जिसके कारण कई दिनों तक बिजली आपूर्ति ठप रही। ट्रांसफाॅर्मर बदले जाने के बाद भी राहत नहीं मिली। जर्जर तारों में आए दिन फॉल्ट से बार-बार बिजली गुल हो जाती है। भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने बिजली विभाग से ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता बढ़ाने, जर्जर तारों को बदलने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद महिलाओं को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के जल्द समाधान कराया जाएगा। बिजली संकट केवल अशोक विहार तक सीमित नहीं है। लोनी बाजार, इंदिरा मार्केट, बलराम नगर, आर्य नगर, प्रेम नगर समेत डाबर तालाब आदि आसपास की कई कॉलोनियों में भी आए दिन बिजली के फॉल्ट और अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश, तेज हवा या ओवरलोड होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली नहीं आने से पेयजल आपूर्ति और दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।