गिरफ्तारी का डर दिखाकर "48 लाख की धोखाधड़ी

नवभारतटाइम्स.कॉम
48 lakh cyber fraud by fear of arrest two accused arrested
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़

गिरफ्तारी का डर दिखाकर 48 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह की मदद करने के आरोप में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के शिवपुरी निवासी अतुल (24) और ग्वालियर निवासी यीतेंद्र (30) के रूप में हुई है। दोनों पर ठगी की रकम ट्रांसफर कराने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने और उनका एक्सेस साइबर ठगों तक पहुंचाने का आरोप है।
सेक्टर-8 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 8 दिसंबर 2025 को उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को हरियाणा प्रशासनिक विभाग, चंडीगढ़ का अधिकारी बताते हुए कहा कि उसके आधार कार्ड से फर्जी सिम जारी हुई है, जिसका इस्तेमाल आतंकवादी कर रहे हैं। साथ ही उसके नाम पर 7 से 8 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग होने का झांसा दिया गया। इसके बाद पीड़ित को दूसरे नंबर पर बात करने के लिए कहा गया, जहां कॉल रिसीव करने वाले ने खुद को एनआईए अधिकारी बताया और गिरफ्तारी के लिए टीम भेजने की धमकी दी। गिरफ्तारी के डर से पीड़ित ने 11 से 15 दिसंबर 2025 के बीच ठगों की ओर से बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 48 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार आरोपी अतुल और यीतेंद्र ने खाताधारक प्रशांत से बैंक खाता लेकर उसका एक्सेस टेलिग्राम के माध्यम से साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। दोनों की मुलाकात ग्वालियर में हुई थी।