'पार्क में ट्रैक पर बारिश का पानी, कहां करें सैर'

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad waterlogging in geeta mandir park causes inconvenience to walkers administration unaware
nNBT न्यूज, फरीदाबाद : सेक्टर-16ए स्थित गीता मंदिर पार्क में बारिश के बाद पानी भरने से लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि अभी माॅनसून की बारिश पूरी तरह से शुरू भी नहीं हुई है और पार्क में घुटने तक पानी भर गया है, जिससे यहां सैर करने वालों को दिक्कत हो रही है।

लोगों का कहना है कि हाल ही में हुई बारिश के बाद पार्क के कई हिस्सों में पानी भर गया है। ट्रैक पर भी पानी जमा होने से लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। बारिश के दौरान रोड से सारा पानी पार्क में आ जाता है। ऐसे में सुबह और शाम सैर करने आने वाले बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मुख्य पार्क है, ऐसे में यहां रोजाना सुबह आसपास के कॉलोनी व सेक्टर के 150 से 200 लोगों का आना-जाना लगा रहता है। पार्क में योग कराने वाले राकेश गुप्ता ने बताया कि यहां पर वाॅटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगे हुए हैं, लेकिन वह लगने के बाद से ही काम नहीं कर रहे। पार्क में सैर करने वाले राजेश टुटेजा और अनिल गुप्ता चांदी वाले ने बताया कि कई बार पार्षद और विधायक से इस समस्या के बारे में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कुछ भी सुधार नहीं हुआ है। इस संबंध में स्थानीय पार्षद शेफाली सिंगला से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।