पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसे में दो दोस्तों की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसे में दो दोस्तों की मौत
n NBT न्यूज, गोसाईंगंज : गोसाईगंज इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ढाल पर अज्ञात वाहन ने सोमवार सुबह बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। युवकों की पहचान अनुज पाल उर्फ हनी (23) और नीतीश शर्मा (23) के रूप में हुई। सोमवार सुबह करीब 10 बजे परिवारीजनों को हादसे की जानकारी हुई। उनके आने के बाद दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे।

पुलिस के मुताबिक महानगर स्थित जेपीसी कैंपस का रहने वाला अनुज लालबाग में सीए कंपनी में नौकरी करता था। कल्याणपुर, गुडंबा शिवपुरी कॉलोनी का रहने वाला नीतीश लखनऊ यूनिवर्सिटी में एलएलबी सेकंड सेमेस्टर का छात्र था। वह अपना खर्च चलाने के लिए मोबाइल शॉप में नौकरी भी करता था। नीतीश के भाई महीप ने बताया नीतीश ने शनिवार शाम उससे एक पेपर देने के लिए पटना जाने की बात कही। महीप के मुताबिक उसने नीतीश से ट्रेन से जाने को कहा, लेकिन वह अनुज के साथ बाइक से पटना के लिए रवाना हो गया।
रविवार को पटना में पेपर देने के बाद नीतीश समस्तीपुर डलसिंह सराय गांव में अपनी बहन भारती के घर पहुंचा और वहां से दिन में दो बजे दोनों लखनऊ के लिए निकल पड़े। महीप ने बताया कि सोमवार सुबह 7:00 बजे भारती ने बिहार से फोन करके बताया कि उन्हें लखनऊ पुलिस ने सूचना दी है कि नीतीश का गोसाईंगंज में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे ढाल (चांद सराय) के पास एक्सिडेंट हो गया है। माहीप परिवारवालों के साथ गोसाईंगंज सीएचसी पहुंचे और अनुज के परिवार को घटना की जानकारी दी। अनुज की मां रीता ने बताया कि उन्हें अनुज के पटना जाने की जानकारी नहीं थी। अनुज ने उन्हें ऑफिस के काम से लखीमपुर खीरी जाने की बात कही थी।

दोनों घरों में मचा कोहराम

अनुज और नीतीश के मौत की खबर पाकर उनके घरों में कोहराम मच गया। अनुज के पिता मुन्नालाल निशातगंज स्थित बेसिक शिक्षा निदेशालय में संविदा कर्मचारी हैं। परिवार में मां और बड़ी बहन है। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बेहोश हो गई, जबकि पिता गहरे में सदमे में हैं। नीतीश के परिवार में पिता विनोद, तीन बड़े भाई और एक बड़ी बहन है। पिता कारपेंटर हैं। अनुज और नीतीश के परिवारीजनों ने हादसे की जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आशंका जताई है कि अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद डिवाइडर से टकराकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं।