Police Seized Bike Even After Showing Digilocker Documents Youth Complained
डिजी लॉकर के कागज़ से भी नहीं माने, युवक की बाइक सीज़
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ: बहन को टीईटी दिलाने आए एक युवक की बाइक नाका पुलिस ने शुक्रवार सुबह सीज कर दी। आरोप है कि मिन्नतें करने पर पुलिस कर्मियों ने युवक से अभद्रता की और डिजी लॉकर ऐप पर बाइक के कागज देखने से मना कर दिया। युवक ने दो मिनट बाद बाइक हटाने की गुजारिश की थी। युवक अपनी बहन को सवारी वाहन से घर ले गया। उसने डीजीपी कंट्रोल रूम में पुलिस कर्मियों के दुर्व्यवहार की शिकायत की है।
मड़ियांव निवासी उत्कर्ष वर्मा नीट की तैयारी कर रहे हैं। उनके बड़े भाई शुक्रवार सुबह छोटी बहन को टीईटी दिलाने परीक्षा केंद्र डीएवी कॉलेज गए थे। उत्कर्ष के मुताबिक कॉलेज के गेट के सामने सफेद पट्टी के भीतर बाइक पार्क कर वह अपने ऑफिस चले गए थे। कुछ देर बाद उत्कर्ष परीक्षा केंद्र पहुंच गया। गेट पर बहन की स्क्रीनिंग हो रही थी। इसी बीच नाका थाने में तैनात दरोगा धीरज गुप्ता, राहुल चौधरी और सिपाही शैलेंद्र कुमार शाही वहां पहुंच गए। पीड़ित के मुताबिक पुलिस कर्मी बाइक हटाने के लिए कहने लगे। इस पर उत्कर्ष ने दो मिनट की मोहलत मांगी। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने अभद्रता की। पीड़ित ने कॉल कर भाई से डिजी लॉकर ऐप के जरिए गाड़ी के कागज मंगवाए। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने मोबाइल पर कागज देखने से इनकार कर दिया। पुलिस कर्मियों ने गाड़ी सीज करने और पीड़ित को थाने में बंद करने की धमकी दी। आरोपित पुलिस कर्मी युवक की बाइक जबरन थाने उठा ले गए। पीड़ित ने पुलिस कर्मियों की मनमानी और अभद्रता की विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पीड़ित के मुताबिक परीक्षा खत्म होने पर वह बहन को सवारी वाहन से घर ले गए। आरोपित पुलिस कर्मियों के खिलाफ पीड़ित ने डीजीपी ऑफिस के कंट्रोल रूम में कॉल कर शिकायत की है।