लोकबंधु अस्पताल में नवजात की मौत पर हंगामा, होगी जांच

नवभारतटाइम्स.कॉम
lokbandhu hospital newborn death uproar over negligence allegations investigation to be held
nNBT न्यूज़ आलमबाग : कानपुर रोड स्थित लोकबंधु अस्पताल में सोमवार सुबह एक नवजात की मौत के बाद काफी हंगामा हुआ। परिवारीजनों ने आरोप लगाया कि डाक्टरों की लापरवाही से डिलिवरी के दौरान शिशु गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में अस्पताल निदेशक ने जांच का अश्वासन देकर शिशु के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया, तब मामला शांत हुआ। इस दौरान नवजात के पिता यही कहकर फफकते रहे कि कपड़े की जगह बच्चे के लिए कफन लाना पड़ रहा है।

आशियाना सेक्टर एच निवासी शुभम पाल के अनुसार उन्होंने रविवार शाम को डिलिवरी के लिए अपनी पत्नी कीर्ति पाल को लोकबंधु अस्पताल मे भर्ती करवाया था। शुभम का आरोप है कि पत्नी की डिलिवरी के लिए कोई भी सीनियर डॉक्टर मौजूद नहीं था। अटेंडेंट और वॉर्ड आया नॉर्मल डिलिवरी का प्रयास कर रहे थे। काफी देर तक लेबर पेन न होने पर उन्होंने सीनियर डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा, लेकिन कर्मचारी खुद ही डिलिवरी के लिए प्रयास करते रहे। आरोप है कि गर्भ से बाहर आते ही नवजात फर्श पर गिर पड़ा और सिर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।परिवारीजनों ने अस्पताल निदेशक से इसकी लिखित शिकायत की है। अस्पताल निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि प्रसूता के पति ने लिखित शिकायत की है। जांच के लिए कमिटी गठित कर दी गई है।