नगर निगम टीम-रेस्टोरेंट संचालकों में मारपीट

नवभारतटाइम्स.कॉम
नगर निगम टीम-रेस्टोरेंट संचालकों में मारपीट
nNBT न्यूज, लखनऊ : अलीगंज के पुरनिया इलाके में सोमवार को नगर निगम की प्रवर्तन टीम और दो रेस्टोरेंट संचालकों के बीच कार्रवाई के दौरान विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट , अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम के 50 से अधिक कर्मचारी अलीगंज थाना पहुंच गए।

 नगर निगम जोन-3 की प्रवर्तन टीम सोमवार को अतिक्रमण, गंदगी, सिंगल यूज पॉलिथीन और ट्रेड लाइसेंस की जांच के लिए अभियान चला रही थी। टीम में एसएफआई सुमित मिश्रा, पुष्कर पटेल समेत अन्य कर्मचारी शामिल थे। नगर निगम के मुताबिक पुरनिया स्थित आरिफ चेंबर में रोमी दी हट्टी और जौनपुरिया मटन वाले रेस्टोरेंट के बाहर अतिक्रमण और गंदगी मिली। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों पर पांच-पांच हजार रुपये का स्पॉट जुर्माना लगाया गया। रोमी दी हट्टी के संचालक रोमेंदर और जौनपुरिया मटन वाले के संचालक आकाश सिंह अपने कर्मचारियों के साथ हमला कर दिया। वहीं दोनों रेस्टोरेंट संचालकों ने नगर निगम के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि टीम ने जबरन जुर्माना लगाया और दुकान के बाहर रखा सामान जब्त कर लिया। विरोध करने पर नगर निगम कर्मियों ने उनके साथ और कर्मचारियों से मारपीट की। इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और मौके पर बनाए गए विडियो कब्जे में ले लिए गए हैं। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।