Pratapgarh Dumping Yard Garbage Disposal Halted People Troubled By Stench Demand Plant Relocation
'प्रतापगढ़ के डंपिंग यार्ड में नहीं हो रहा कूड़े का निस्तारण, फैल रही बदबू'
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद : प्रतापगढ़ में बनाए गए डंपिंग यार्ड पर कूड़े का ढेर लगने से सेक्टर-56 व आपास के लोग परेशान हैं। सोमवार को सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में लोग नगर निगम कार्यालय पहुंचे और निगम कमिश्नर व मेयर को इस विषय में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान लोगों के साथ पूर्व विधायक नगेंद्र भड़ाना भी मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने निस्तारण प्लांट को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है।
बंधवाड़ी में अब फरीदाबाद का कूड़ा जाना बंद हो गया है। ऐसे में प्रतापगढ़ डंपिंग यार्ड में कूड़े के ढेर लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि कूड़े से लिचेट रिसकर जमीन में जा रहा है, जिससे ग्राउंड वॉटर दूषित हो रहा है। कूड़े की बदबू आसपास के सेक्टर व काॅलोनियों में फैल रही है। बारिश के समय यह बदबू और बढ़ जाएगी। निगम की तरफ से प्रतापगढ़ प्लांट को अपग्रेड करने का दावा किया जा रहा है, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं किया गया है। प्रतापगढ़ में रोजाना कूड़े के 45 ट्रक पहुंच रहे हैं। एक ट्रक में करीब 15 टन कचरा पहुंच रहा है। इस हिसाब से रोजाना 675 टन कूड़ा प्लांट में आ रहा है, जबकि यहां प्लांट की क्षमता 350 से 400 टन कचरा निस्तारण की है। आरडब्ल्यूए प्रधान सतपाल ने कहा कि पहले प्लांट का भी लोगों ने विरोध किया गया था। उस दौरान निगम अधिकारियों ने दावा किया था कि कूड़े को प्रतिदिन निस्तारित कर दिया जाएगा, लेकिन प्लांट पर कूड़े के ढेर लग रहे हैं। मुजेड़ी निस्तारण प्लांट का भी यही हाल है। आरडब्ल्यूए ने कहा कि जल्द ही निस्तारण प्लांट को लेकर कोई दूसरे इंतजाम नहीं किए वह सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही कोई बीच का रास्ता निकाला जाएगा।