Ib Officers Mobile Snached Incident Outside Sarai Metro Station Police Investigation Ongoing
आईबी अधिकारी का मोबाइल झपटा, केस
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : सराय मेट्रो स्टेशन के बाहर कैब बुक करने के दौरान एक आईबी अधिकारी से मोबाइल झपटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद थाना सराय ख्वाजा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। संजीत कुमार ने बताया कि वह बिहार के गया जिले के निवासी हैं और भारत सरकार के गृह मंत्रालय में इंटेलिजेंस विभाग में कार्यरत हैं। वह कार्यालय के काम से दिल्ली आए थे। काम समाप्त होने के बाद फरीदाबाद स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए सराय मेट्रो स्टेशन पर उतरे। गेट नंबर-2 के बाहर खड़े होकर जैसे ही उन्होंने कैब बुक करने के लिए जेब से अपना मोबाइल निकाला, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदरपुर की ओर तेज गति से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।