अर्जुन नगर में युवक पर किया जानलेवा हमला, केस दर्ज

नवभारतटाइम्स.कॉम
life threatening attack on youth in arjun nagar attack at mechanic shop due to old enmity case registered
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : अर्जुन नगर एरिया में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला आया है। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी मंकू सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार नई बस्ती के समीम ने बताया कि 28 जून को वह अपनी स्कूटी को सर्विस कराने के लिए अर्जुन नगर गली नंबर 1 में महेंद्र की दुकान पर जा रहा था। आराेप है कि जैसे ही वह दुकान के पास पहुंचा, वहां आरोपी मंकू ने रास्ता रोक गाली गलौज की। मंकू के 2-3 दोस्त भी आ गए। मिकैनिक दुकान में रखा बाइक के सॉकर से समीम पर हमला कर दिया। समीम को गंभीर चोटें आईं। जब भीड़ इकट्ठी होने लगी तो आरोपियों ने समीम को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। शुरुआत में पीड़ित ने पुलिस को लिखित में दिया था कि वह अपनी मां और भाई से सलाह करने के बाद ही कानूनी कार्रवाई करवाएगा। इसके बाद दोबारा चौकी जाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।