n NBT न्यूज़, सुशांत गोल्फ सिटी : सुशांत गोल्फ सिटी के अहमामऊ (अहमद गांव) के पास रविवार देर रात पीडब्ल्यूडी बेलदार शुभम चौधरी (27) सड़क किनारे मरणासन्न हालत में मिला। पुलिस ने उसे लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां से गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने हत्या या हादसे की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। बड़ी जुगौली (गोमती नगर) निवासी शुभम जवाहर भवन में तैनात था। भाई शिवम के मुताबिक, शुभम रविवार शाम ऑफिस के जेई धर्मेंद्र के घर वृंदावन कॉलोनी गया था। लौटते वक्त अहमामऊ के पास कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। दबंगों ने शुभम को पीटकर उसका मोबाइल छीन लिया। शुभम ने किसी तरह दोस्त योगेश को बुलाकर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर देकर शुभम अपनी बाइक से घर के लिए निकला। दोस्त योगेश आगे-आगे अपनी बाइक से चल रहा था, लेकिन कुछ दूर जाकर शुभम पीछे से अचानक गायब हो गया। रात करीब 3:30 बजे पुलिस को शुभम सड़क किनारे लहूलुहान मिला।