Thief Sub inspector Beaten In Public Suspended And Departmental Inquiry Ordered
रुपये चुराकर भागे दरोगा को सरेराह धुना
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, हमीरपुर: न्यायालय सुरक्षा में तैनात दरोगा गिरीश मिश्रा पर ट्रक चालक के 20 हजार रुपये चोराने का आरोप लगा है। घटना का विडियो पर वायरल होने के बाद अधिकारियों ने आरोपित को निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
ट्रक चालक मनीष के मुताबिक सोमवार को कानपुर से हमीरपुर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में वर्दीधारी दरोगा गिरीश मिश्र सवार हुआ और घाटमपुर और अलियापुर (सजेती) टोल प्लाजा के बीच रुपये चुरा लिए। टोल प्लाजा के पास दरोगा के अचानक उतरकर दूसरे वाहन में बैठने पर चालक का शक हुआ और तलाशने पर ट्रक में रुपये नहीं मिले। इसके बाद चालक ने करीब 10 किमी पीछा करने के बाद कानपुर-हमीरपुर सीमा स्थित यमुना पुल के पास गाड़ी रुकवाकर आरोपित को धर दबोचा। दावा है कि तलाशी में दरोगा के पास से चुराए हुए रुपये मिल गए। इसे लेकर कहासुनी के बाद चालक ने सड़क पर ही उसे पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को कोतवाली ले गई। विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारी हरकत में आए। सीओ सदर यशपाल सिंह के अनुसार ट्रक चालक की तहरीर पर कोतवाली नगर में दरोगा गिरीश मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। डॉक्टर को धमकाने का विडियो वायरल, दरोगा लाइन हाजिर : जिले में दो दिनों में खाकी का तीसरा कारनामा सामने आया है। अब वायरल हुए विडियो में सुमेरपुर थाने में तैनात दरोगा सुरेन्द्र यादव सरकारी डॉक्टर को धमकाता नजर आया है। मरीजों को देख रहे डॉक्टर पर किसी केस की समरी बनवाने का दबाव बनाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है। विडियो सुमेरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का बताया जा रहा है। एसपी मृगांक शेखर पाठक के अनुसार वायरल विडियो के आधार पर आरोपित दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।