Yogi Adityanath Dr Syama Prasad Mukherjee Was The Visionary Of Akhand Bharat Removing Article 370 From Kashmir Fulfills His Dreams
अखंड भारत के स्वप्नद्रष्टा थे डॉ. मुखर्जी: योगी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, प्रयागराज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसंघ और भाजपा के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अखंड भारत के स्वप्नद्रष्टा थे। अंग्रेजों ने पूरे बंगाल को पाकिस्तान को देने की साजिश रची थी, जिसका उन्होंने जबरदस्त विरोध किया। आज संयोग है कि उनकी 125वीं जयंती पर केंद्र में भी भाजपा की सरकार है और पश्चिम बंगाल में भी। सीएम ने यह बात सोमवार को यमुना बैंक रोड स्थित प्रेरणा स्थल का लोकार्पण व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी बाजपेयी व अशोक सिंघल की मूर्तियों का अनावरण करते हुए कही।सीएम योगी ने कहा कि भाजपा का कमल सत्ता का नहीं बल्कि सुरक्षा, समृद्धि और सुशासन का कमल है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जवाहर लाल नेहरू की तुष्टीकरण की नीति का विरोध करते हुए उनकी कैबिनेट से त्यागपत्र दे दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करने का कार्य कर रहे हैं। डॉ. मुखर्जी ने एक देश में दो निशान, संविधान का विरोध किया था। उनके सपनों को पूरा करते हुए पीएम ने कश्मीर से धारा 370 हटाने का काम किया। गृह मंत्री अमित शाह के प्रयास से कश्मीर को देश में उसी तरह मिलाया जैसे अन्य राज्य हैं।
सनातन में बसती है देश की आत्मा: सीएम ने कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और सनातन धर्म की आत्मा राम हैं। भारत की राजनीति में अटल बिहारी वाजपेयी ने छह दशकों तक काम किया लेकिन उनके सार्वजनिक जीवन पर कोई दाग नहीं लगा। अशोक सिंघल का जीवन राष्ट्र को समर्पित था। राम जन्मभूमि देश का सबसे बड़ा सांस्कृतिक आंदोलन था। देश के सभी संतों को एक मंच पर लाने का काम अशोक सिंघल ने किया। इस मौके पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रभारी मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महापौर गणेश केसरवानी, सांसद प्रवीण पटेल, डॉ विनोद कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीके सिंह, विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह, हर्षवर्धन बाजपेयी, दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, पीयूष रंजन निषाद, राजमणि कोल, वाचस्पति, पूजा पाल, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, केपी श्रीवास्तव, बाबूलाल तिवारी, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, सुरेश मौर्य, कृतिका अग्रवाल, संतोष पटेल, नीरज त्रिपाठी, अशोक बाजपेयी, उदयभान करवरिया, संजय गुप्ता मौजूद रहे।