सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया में युवक की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या की आशंका

नवभारतटाइम्स.कॉम
youths suspicious death in sector 4 industrial area murder suspected in financial dispute family files fir
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ :

सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शराब के ठेके के पास रविवार रात 38 साल का युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल मिला। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उनकी पहचान पटेल नगर निवासी प्रशांत के रूप में हुई है। परिजनों ने पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
रविवार रात करीब 9 बजे सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शराब के ठेके के पास प्रशांत गंभीर हालत में पड़ा मिला। आसपास मौजूद लोगों ने उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे निजी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के भाई विकास का आरोप है कि प्रशांत का चावला कॉलोनी स्थित माहेश्वरी कम्युनिकेशन के संचालक शिवम के साथ पैसों का लेनदेन था। वह लंबे समय से अपने रुपये वापस मांग रहा था, लेकिन हर बार उसे टाल दिया जाता था। विकास के अनुसार रविवार शाम प्रशांत पैसे लेने के लिए शिवम की दुकान पर गया था। आरोप है कि वहां से शिवम उसे सेक्टर-4 स्थित शराब के ठेके के पास ले गया। दोनों ने वहां शराब पी, जिसके बाद रुपये मांगने को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान चार से पांच लोगों ने मिलकर प्रशांत के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि प्रशांत के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के गहरे निशान थे। उनका आरोप है कि उसकी योजनाबद्ध तरीके से पिटाई की गई। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।