825 Interest To Come Into Pf Accounts By July 15 34 Crore Members To Benefit
PF खातों में 15 जुलाई तक आ जाएगा 8.25% सालाना ब्याज़
नवभारत टाइम्स•
एंप्लॉयीज प्रॉविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन ( EPFO ) ने एक सेंट्रलाइज्ड IT सिस्टम बना लिया है। इसके तहत सभी रीजनल और फील्ड ऑफिसेज से सदस्यों के रेकॉर्ड एक सेंट्रलाइज्ड नैशनल डेटाबेस में ला दिए गए हैं। श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब मेंबर देश में किसी भी EPFO ऑफिस में आवेदन कर सकते हैं और वहीं से सेवा मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि पहली बार नए सिस्टम से EPF के सालाना ब्याज की ऑटो-प्रोसेसिंग हो रही है। वित्त वर्ष 2025–26 का 8.25% की दर से EPF इंटरेस्ट लगभग 34 करोड़ खातों में 15 जुलाई तक भेज दिया जाएगा। सदस्य इसे ऑनलाइन चेक कर सकेंगे।
मांडविया ने कहा, 'पहले EPF इंटरेस्ट की घोषणा के बाद खाते में ब्याज पहुंचने में अक्टूबर-नवंबर तक का समय लग जाता था। अब यह प्रक्रिया ऑटोमेटेड और समयबद्ध हो गई है। 15 जुलाई तक सभी खातों में कुल 1.44 लाख करोड़ रुपये से अधिक ब्याज भेज दिया जाएगा।'देश में कहीं भी ले सकेंगे पेंशन
मांडविया ने बताया कि 5 लाख रुपये तक के क्लेम के ऑटो सेटलमेंट के तहत सेटलमेंट के दिन ही पैसा सदस्य के बैंक खाते में चला जाएगा। फाइनल PF सेटलमेंट में अब ब्याज की गणना पेमेंट ऑथराइजेशन की तारीख तक की जाएगी। पहले पिछले महीने के अंतिम दिन तक ही ब्याज की गणना होती थी। EPS पेंशनर किसी भी PF ऑफिस से सेवा ले सकेंगे और लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकेंगे। पेंशनर देश में कहीं भी अपने बैंक खाते में पेंशन ले सकेंगे। पहले उन्हें उसी ब्रांच ऑफिस से पेंशन मिलती थी, जहां उनका पेंशन पेमेंट ऑर्डर लिंक हो।
PF खातों का ऑटोमैटिक ट्रांसफर
जॉब बदलने पर आधार लिंक्ड UAN वाले PF खातों का ऑटोमैटिक ट्रांसफर होगा और सर्विस हिस्ट्री भी इसी तरह ट्रांसफर हो जाएगी, जिससे पेंशन की पात्रता के लिए सेवा काल की निरंतरता बनी रहेगी। पहले जॉब बदलने पर पिछले और नए एंप्लॉयर के साथ EPFO ऑफिस की मंजूरी की जरूरत होती थी और सर्विस हिस्ट्री ट्रांसफर के लिए अलग से क्लेम करना होता था।