Ghaziabad Builder Accountant Robbed Of 12 Lakh Cash And Laptop By Scattering Notes In Front Of Car
कार के आगे नोट बिखेर 12 लाख और लैपटॉप उड़ाया
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
राजनगर में बदमाशों ने बुधवार सुबह सरेराह बिल्डर कंपनी के अकाउंटेंट की कार से 12 लाख रुपये कैश, लैपटॉप और कीमती दस्तावेजों से भरा बैग उड़ा लिया। बदमाशों ने कार के आगे दस रुपये नोट बिखेरकर वारदात को अंजाम दिया। एक बदमाश ने अकाउंटेंट को कार के आगे कुछ सामान गिरने का झांसा दिया। जैसे ही वह कार से उतरे तो दूसरे बदमाश ने बैग निकल लिया। मामले में पीड़ित संदीप कुमार ने कविनगर थाने में शिकायत दी है। पुलिस के अनुसार, संदीप कुमार निजी बिल्डर कंपनी में अकाउंटेंट हैं। बुधवार सुबह करीब पौने 12 बजे वह बैंक में चेक जमा करने पहुंचे थे। बैंक के बाहर कार खड़ी कर उसमें बैठे थे। इसी दौरान एक युवक आया और बोला कि कार के पास कुछ सामान गिरा है। संदीप ने जब कार से उतरकर देखा तो वहां दस-दस रुपये के कई नोट बिखरे पड़े थे। वह नोट समेटने लगे। इसी बीच दूसरा बदमाश कार की पिछली सीट पर रखा बैग लेकर भाग गया। संदीप जब कार में बैठे तो बैग गायब था। संदीप ने पुलिस को बताया कि बैग में 12 लाख रुपये कैश, कंपनी का लैपटॉप, पैनड्राइव और कीमती दस्तावेज थे। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। दो टीमें बदमाशों को ट्रेस करने में लगी हैं। जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।