लैंड पूलिंग पॉलिसी लाने की तैयारी, खत्म होगा जमीन अधिग्रहण का विवाद

Contributed byPravesh.Singh|नवभारतटाइम्स.कॉम
noida prepares for land pooling policy end to land acquisition disputes
Pravesh.Singh@

timesofindia.com
n नोएडा : उत्तर प्रदेश के शो-विंडो कहे जाने वाले नोएडा शहर के विकास को नई रफ्तार देने और सालों से अटके भूमि विवादों का स्थायी समाधान निकालने के लिए नोएडा प्राधिकरण लैंड पूलिंग पॉलिसी लागू करने पर गंभीरता से मंथन कर रहा है। प्राधिकरण इस नीति का एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर जल्द ही शासन को भेजने की तैयारी में है। इस पहल का उद्देश्य न केवल किसानों और प्राधिकरण के बीच चल रहे कानूनी संघर्षों को समाप्त करना है, बल्कि भविष्य के लिए राजस्व बनाने का मजबूत मॉडल भी तैयार करना है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचा एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार ने पिछले दिनों नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखकर भविष्य में राजस्व बनाने का एक मॉडल प्लान मांगा था। शासन जानना चाहता है कि आने वाले वर्षों में जब नोएडा के पास आवंटित करने के लिए भूमि सीमित हो जाएगी, तब प्राधिकरण अपनी वित्तीय स्थिति और विकास योजनाओं को कैसे सुचारु रखेगा। इसी के बाद प्राधिकरण ने लखनऊ विकास प्राधिकरण में लागू लैंड पूलिंग पॉलिसी और बिल्डरों के लिए ओटीएस योजना का अध्ययन शुरू किया है।