Bike Theft In Delhi ncr Busted 2 Arrested 10 Bikes Recovered
दिल्ली-NCR से बाइक चोरी कर गांवों में बेचते थे, 2 अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
दिल्ली एनसीआर में रेकी करने के बाद बाइक चोरी करने वाले दो बदमाशों को सेक्टर 49 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 बाइकें बरामद की हैं। जिसे दूर दराज के गांवों में बेचने की योजना बनाई थी।एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि 5 जुलाई को एक व्यक्ति ने सेक्टर-50 इलाके से मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने 7 जुलाई को सेक्टर-50 स्थित बिजलीघर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान बलिन्दर और विवेक के रूप में हुई है। बलिन्दर होशियारपुर, सेक्टर-49 में रहता है और मूल रूप से बिहार के कटिहार का निवासी है। वहीं विवेक होशियारपुर, सेक्टर-51 का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सेक्टर, सोसायटी, कंपनी और बाजारों के पार्किंग के बाहर खड़ी बाइकों को निशाना बनाते थे। चोरी की बाइक को आठ से 15 हजार मे बेचा जाता था। बुलंदशहर, हापुड़ और मथुरा समेत अन्य जगहों पर चोरी की बाइक खपाई जाती थीं। इनमें से चार बाइकों के संबंध में पहले से अलग-अलग थानों में चोरी के केस दर्ज हैं। बरामद वाहनों में एक बाइक की चोरी का एफआईआर सेक्टर-49 थाने में, एक का सेक्टर-20 में, एक का फेस-3 थाने में और एक का सेक्टर-39 थाने में दर्ज पाया गया। पुलिस के अनुसार बलिन्दर के खिलाफ पहले आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है, जबकि विवेक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है।