Gurugram Heavy Rain Waterlogging Worsens On Second Day Traffic Jams And Commotion
दूसरे दिन भी जमकर बारिश, जलभराव से बिगड़े हालात
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
मॉनसून की शुरुआत के दूसरे दिन बुधवार को भी शहर में जमकर बारिश हुई। बारिश के कारण शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। हाइवे के नरसिंहपुर के अलावा हीरो होंडा चौक, इफको चौक, झाड़सा चौक आदि पर पानी भर गया। इसके अलावा शीतला माता रोड, बस स्टैंड आदि रोड जलभराव था। पुलिस लाइन के अलावा सोहना रोड और न्यू गुड़गांव के कई सेक्टरों में जलभराव हुआ। हालांकि शाम तक अधिकतर जगहों पर पानी निकल गया। जीएमडीए और नगर निगम की टीमें जल निकासी में जुटी रही। इस दौरान बारिश के कारण कई जगहों पर सुबह के समय हैवी ट्रैफिक रहा। कई बार जाम की स्थिति बनी। दोपहर के समय हुई बारिश के कारण हाइवे, न्यू गुड़गांव और ओल्ड सिटी में जगह- जगह पर जलभराव था। पुलिस लाइन और बस स्टैंड के निकट पानी भरने से पैदल यात्रियों और दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई वाहन बारिश में बंद हो गए। हाइवे पर नरसिंहपुर एरिया में जलभराव हुआ। यहां पर देर शाम तक पानी निकल गया। सिग्नेचर टावर, इफको चौक और झाड़सा रोड पर सर्विस लेन में जलभराव था। इसके अलावा पालम विहार, बजघेड़ा अंडरपास और सेक्टर21, 22, और 23 में जगह-जगह पानी था। सेक्टर नौ, नौ ए, सेक्टर दस, दस-ए आदि एरिया में जलभराव हुआ। न्यू गुड़गांव के सेक्टर 31, 40, 46, 56, एसपीआर, सोहना रोड, शीतला माता रोड पर जलभराव हुआ।
कई जगह रहा हैवी ट्रैफिक: बारिश के कारण न्यू रेलवे रोड, ओल्ड रेलवे रोड, सोहना रोड के अलावा हीरो होंडा चौक, पटौदी रोड, बसई चौक पर हैवी ट्रैफिक रहा। हालांकि मंगलवार को भारी बारिश और जाम के चलते प्रशासन की सलाह पर कॉरपोरेट और प्राइवेट कंपनियों ने वर्क फ्रॉम होम होने के वजह से ट्रैफिक कम रहा। नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने बताया कि बुधवार को बारिश से जलभराव हुआ। जोन वाइज टीमें जलनिकासी के लिए लगाई गई हैं। शाम तक अधिकतर जगहों पर पानी निकल गया था। डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलावत ने बताया कि बारिश के दौरान हर एरिया में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। जलभराव के कारण कई जगहों पर हैवी ट्रैफिक रहता है।