Trump Card Childhood Pranks From The Football Field To Aamir Khans Wedding This Move Worked Everywhere
ट्रंप कार्ड की धमक
नवभारतटाइम्स.कॉम•
'एक दौर था वह भी। पूरे दिन धमाचौकड़ी करते। अम्मी बरजती रहतीं कि तेज धूप में बाहर न घूमो, पर अपन दोस्तों संग छिप-छिपाकर बागीचे पहुंच ही जाते। आम-जामुन के मौसम में जो घर में टिक जाए, वो भी कोई बच्चा हुआ भला? आजकल तो सब मोबाइल से ही चिपके रहते हैं।' फिरकी मियां बहुत दिनों बाद मिले और मिलते ही उनने किस्सों का पिटारा खोल दिया।
'वक्त के साथ कुछ न कुछ बदलता ही है। इसके लिए क्या शिकायत करना मियां। लेकिन पकड़े जाने पर पिटाई हो जाती होगी?' चाय की दुकान पर बतकही बढ़ाने की गरज से मैंने टुकड़ा जोड़ा। मियां बोले, 'हम खुशकिस्मत थे कि उस वक्त हमारी दादी मौजूद थीं। हम उनके पीछे खड़े हो जाते। फिर किसकी मजाल थी कि तुरुप के इस पत्ते की काट रख दे?' मैंने तुरंत ही चहककर बताया, 'तुरुप के पत्ते की खूब कही। उधर फुटबॉल वर्ल्ड कप में अमेरिका के एक खिलाड़ी को रेफरी ने रेड कार्ड दिखा दिया। अगले मैच में खेलने से रोक लग गई। पर अमेरिका के राष्ट्रपति ने इंतजामिया कमिटी को फोन घुमा दिया। इस ट्रंप कार्ड को देखते हुए अगलों ने रेड कार्ड फौरन वापस जेब में रख लिया।'
इतना सुनकर मियां मुस्कुराए। 'याद ही होगा तुम्हें। बगल के गांव में एक घर में चोरी हुई थी। पर हल्ला मचाया पड़ोसी ने कि घर के ही मेंबरान इसमें शामिल थे। गांव में भद पिट गई। घर वाले बड़े परेशान हुए। फिर घर के मुखिया ने सवाल दाग दिया कि पड़ोसी की चोर से साठगांठ है, वरना उसको कैसे पता चला। इस ट्रंप कार्ड के सामने पड़ोसी की घिग्घी बंध गई थी।'
'घिग्घी तो मेरी भी बंध गई।' मैं बुदबुदया। ' आमिर खान की तीसरी शादी की तस्वीरें आईं, तो मैंने पत्नी से कहा कि देखो, आमिर की पहले वाली बीवियां भी खुशी-खुशी आई थीं। पत्नी ने ट्रंप कार्ड चल दिया। कहा, तीसरी तो दूर है, मैं दूसरी शादी कर लेती हूं, देखती हूं कि तुम कितनी खुशी से आओगे।'