सोसायटियों में गेट से रोड तक भरा पानी

नवभारतटाइम्स.कॉम
waterlogging in gurgaon societies due to heavy rain water filled from gate to road
n NBT न्यूज, गुड़गांव: शहर में सोमवार और मंगलवार देर रात हुई भारी बारिश के बाद बुधवार को गुड़गांव की कई आवासीय सोसायटियों और मुख्य सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। कई स्थानों पर पानी भरने से लोगों को घरों से निकलने और लौटने में परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत उन सोसायटियों में रही, जहां प्रवेश मार्गों पर पानी जमा होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।

सेक्टर-83 स्थित वाटिका इंडिया नेक्स्ट सोसायटी के मुख्य प्रवेश मार्ग पर बारिश का पानी भर गया। सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से वहां दलदल जैसी स्थिति बन गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी सावधानी के साथ निकलना पड़ा, जबकि कई लोगों को कीचड़ और पानी के बीच पैदल चलकर सोसायटी तक पहुंचना पड़ा। स्थानीय लोगों एस एल सिंगला ने बताया कि हर बारिश में यहां यही समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। वहीं, सेक्टर-69 स्थित टूलिप चौक पर भी भारी जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। इसके अलावा दरबारीपुर रोड और सेक्टर-67 के आसपास भी कई जगह पानी भरने लोगो को आवागमन में परेशानी हुई।
हर बार ऐसे ही हालात बनते हैं, हो स्थानी समाधान : स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर वर्ष मानसून के दौरान यही हालात बनते हैं। उन्होंने संबंधित विभागों से जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने, नालों की नियमित सफाई कराने और जलभराव वाले स्थानों का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि आने वाले दिनों में होने वाली बारिश के दौरान लोगों को बार-बार ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।