नौवीं के छात्र की कैंची घोंपकर हत्या, क्लासमेट पर आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम
hisar 9th student murdered with scissors kabaddi rivalry cited as reason classmate accused
NBT न्यूज, हिसार

फतेहाबाद में 9वीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र पर सहपाठी पर कैंची से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। मारे गए छात्र की पहचान बादलगढ़ निवासी अरमान के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उसे अंबाला के बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि दोनों छात्रों के बीच स्कूल में झगड़ा हुआ था। शुरुआती जांच में कबड्डी को लेकर प्रतिद्वंद्विता भी सामने आई है। स्कूल की छुट्टी के बाद शाम को दोनों की फिर कहासुनी हुई। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी अपने पिता के क्लीनिक से कैंची लेकर लौटा और अरमान पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मृतक अरमान कबड्डी का उभरता खिलाड़ी था और कई स्थानीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुका था।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी किशोर को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया। जहां से उसे अंबाला स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया।

स्कूल से छुट्टी के बाद दोनों ने शाम को मिलने की बात कही। शाम के समय अरमान गांव की एक दुकान पर पेटीज खा रहा था। इसी दौरान आरोपी भी वहां पहुंच गया। दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया और आरोपी को वहां से घर भेज दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी दोबारा मौके पर लौटा। इस बार वह अपने पिता के क्लीनिक से कैंची लेकर आया था। आते ही उसने अरमान की छाती पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में अरमान गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

अरमान स्कूल लेवल पर कबड्डी खेलता था। वह पंजाब में आयोजित कई स्थानीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में मेडल भी जीत चुका था। गांव में उसकी पहचान एक अच्छे खिलाड़ी के रूप में थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच कबड्डी को लेकर प्रतिद्वंद्विता चल रही थी। इसी वजह से पहले भी उनके बीच विवाद होता रहा था।अरमान के पिता कुलविंदर सिंह गांव में ही खेती करते हैं। अरमान का एक बड़ा भाई अर्शप्रीत सिंह भी है। कुलविंदर सिंह का कहना है कि अरमान स्कूल और लोकल टूर्नामेंट में कबड्डी खेलते थे। पंजाब के ओपन टूर्नामेंट में भी उसने कई बार पार्टिसिपेट किया है।