मां के भोजन जैसा होगा मिड-डे मील का स्वाद

नवभारतटाइम्स.कॉम
mid day meal taste now like mothers food mothers will check quality
n NBT न्यूज, गाजियाबाद: मिड-डे मील में अब बच्चों को साफ-सुथरी रसोई में बना और साफ बर्तनों में ही गुणवत्ता से भरपूर भोजन निर्धारित मात्रा में परोसा जाएगा। क्योंकि मिड-डे मील पर बच्चों की माताएं खुद नजर रखेंगी। वे भोजन की गुणवत्ता के साथ उसका स्वाद भी चखेंगी। इसके लिए प्रदेश के सभी परिषदीय, पीएम पोषण मिड-डे मील योजना से जुड़े सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ‘ मां अभियान ’ चलाया जाएगा। मिड-डे मील प्राधिकरण के निदेशक प्रेम रंजन सिंह ने सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस सम्बंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।

हर स्कूल में छह माताओं का होगा चयन : प्रेम रंजन सिंह के अनुसार, भोजन की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए हर स्कूल में अभियान के तहत छह माताओं का चयन होगा। हर स्कूल की प्रबंध समिति में आधी महिलाएं होती हैं। प्रबंध समिति में शामिल माताओं या ऐसी माताएं, जिनके बच्चे विद्यालय में अध्ययनरत हों, उन्हें मां अभियान की जिम्मेदारी दी जाएगी।
स्कूल को रोस्टर तैयार करना होगा: चयनित महिला अभिभावकों के नाम विद्यालय में प्रदर्शित किए जाएंगे। विद्यालय में एक रोस्टर तैयार किया जाएगा, जिसके अनुसार महिला अभिभावक अपनी निर्धारित तिथि पर उस दिन बच्चों के लिए तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता पर नजर रखने के साथ भोजन चखकर उसकी जांच करेंगी। कोई कमी मिलने पर सुधार के सुझाव भी देंगी। इस कार्य के लिए चयनित महिला अभिभावकों को किसी प्रकार का मानदेय या अन्य भुगतान नहीं मिलेगा।