दूसरे दिन भी एमएमजी में गिरा प्लास्टर, हादसा टला

नवभारतटाइम्स.कॉम
plaster falls again in mmg hospital patients lives at risk due to dilapidated building
n NBT न्यूज, गाजियाबाद

एमएमजी अस्पताल की जर्जर इमारत मरीजों के लिए खतरा बनती जा रही है। पिछले दो दिनों में अस्पताल के 3 से अधिक स्थानों पर छत का प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। शुक्रवार को अस्पताल की एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) विंग और सर्जरी वॉर्ड के सामने छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया। हालांकि, घटना के समय वहां कोई मरीज या कर्मचारी इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इससे एक दिन पहले गुरुवार को महिला वॉर्ड और महिला और बाल वॉर्ड में भी प्लास्टर गिरा था। उस समय वॉर्ड में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद अस्पताल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 50 बेड वाले महिला वॉर्ड (ब्लॉक-ए) और 50 बेड के महिला और बाल वॉर्ड को खाली करा दिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण इमारत में सीलन बढ़ने से प्लास्टर गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। सीएमएस राकेश कुमार ने बताया कि वॉर्डों में भर्ती मरीजों को डेंगू वॉर्ड, सर्जिकल वॉर्ड और संयुक्त जिला अस्पताल, संजय नगर में शिफ्ट किया जा रहा है, ताकि इलाज प्रभावित न हो और मरीज सुरक्षित रह सकें। साथ ही जर्जर हिस्सों के आसपास लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है।