जींद में दो IAS और चार HCS अफसर तैनात

नवभारतटाइम्स.कॉम
जींद में दो IAS और चार HCS अफसर तैनात
NBT न्यूज, जींद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद आगमन को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह से सक्रिय है। हरियाणा के मुख्य सचिव ने शुक्रवार को दो आईएएस और चार एचसीएस अधिकारियों को जींद में तैनात किया है। यह सभी अधिकारी जींद के जिला उपायुक्त के अधीन पर रहेंगे। जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाएंगे।
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने शुक्रवार को कहा कि मोदी के कर कमलों से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू होना केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। दूसरी ओर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के इतिहास में विकास, आधुनिक तकनीक और भविष्य की नई संभावनाओं का प्रतीक बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा के नए युग का शुभारंभ है।

प्रधानमंत्री के दौरे पर जींद में एक जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा। इस बीच मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने शुक्रवार को एक आदेश जारी करते हुए आईएएस अधिकारी यश जुलका, विवेक आर्य तथा एचसीएस अधिकारी जगदीप सिंह, मनीष कुमार लोहान, संजय बिश्नोई तथा राजेश खोथ को अस्थायी रूप से जींद में तैनात किया है।स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक चिकित्सा व्यवस्था के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।