Noida Sewer Overflow For 3 Months Kohli Vihar Residents Forced To Live In Hellish Conditions Anger Over Authoritys Negligence
3 महीने से सीवर ओवरफ्लो, सुध नहीं ले रहा प्राधिकरण
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा : सेक्टर-49 स्थित कोहली विहार के निवासी तीन महीनों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सीवर ओवरफ्लो होने से लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण को कई बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन बार-बार की गुहार के बावजूद अधिकारी समाधान नहीं कर रहे हैं।
कोहली विहार निवासी पंकज तोमर ने बताया कि गंदा और बदबूदार पानी गलियों से होता हुआ अब लोगों के घरों के भीतर तक पहुंचने लगा है। पूरे दिन इलाके में भारी दुर्गंध बनी रहती है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है। स्कूली बच्चों को हर रोज उसी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जो उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। निवासियों का कहना है कि तीन महीने बीत जाने के बाद भी प्राधिकरण का उदासीन रवैया उनकी बर्दाश्त से बाहर होता जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सीवर की सफाई कर समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।