नोएडा स्टेडियम में मनमानी शुल्क वसूली का आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम
noida stadium arbitrary fee collection questions on players future
n NBT न्यूज, नोएडा : सेक्टर-21ए स्थित नोएडा इनडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने का मामला गरमा गया है। आरोप है कि खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए 101 करोड़ की लागत से बने इस स्टेडियम में सुविधाओं के नाम पर भारी रकम ली जा रही है। युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने सोशल मीडिया पर यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि कुछ खेलों में प्रतिदिन 2,000 रुपये तक पर्सनल ट्रेनिंग शुल्क लिया जा रहा है।

अभिभावकों के अनुसार, इस अत्यधिक शुल्क के कारण आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण लेना असंभव होता जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने स्टेडियम की संचालन व्यवस्था और वित्तीय प्रक्रियाओं की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक धन से निर्मित स्टेडियम का उद्देश्य खेल को सुलभ बनाना होना चाहिए, न कि इसे कमाई का जरिया बनाकर खिलाड़ियों पर बोझ डालना। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।