पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट के लोगों ने की सुरक्षा पर चर्चा

नवभारतटाइम्स.कॉम
paramount golf forest residents meet dcp over security concerns
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी के निवासियों ने सोमवार को डीसीपी से मुलाकात कर 4 जुलाई को हुई लूट और चोरी की वारदात का सफल खुलासा करने के लिए पुलिस टीम का आभार जताया। निवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। ज्ञात हो कि पुलिस ने मुठभेड़ के बाद विला में चोरी करने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इस दौरान निवासियों ने सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी गहरी चिंताएं भी डीसीपी के सामने रखीं। लोगों का आरोप है कि करोड़ों रुपये के विला और भारी मेंटिनेंस शुल्क देने के बावजूद बिल्डर पर्याप्त सुरक्षा मुहैया नहीं करा रहा है। सोसायटी में अब तक आरडब्ल्यूए का गठन नहीं होने दिया गया है और बिल्डर स्वयं मेंटिनेंस देख रहा है। इस संबंध में यूपीएसआईडीसी से कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। डीसीपी ने निवासियों को सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने का आश्वासन दिया है।