Severe Water Crisis In Greater Noida West Societies Builders Dues Halt Supply Thousands Of Families Rely On Tankers
सोसायटियों में टैंकर ही सहारा, बकाये ने रोका पानी का रास्ता
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट
गगनचुंबी इमारतों में लग्जरी जीवन का सपना देख रहे हजारों परिवारों के लिए अब बुनियादी जरूरत पानी भी एक बड़ी चुनौती बन गई है। शहर की हाईराइज सोसायटियों में जल संकट गहराता जा रहा है, जिससे हजारों परिवार अब निजी टैंकरों और अवैध बोरवेल के भरोसे रहने को मजबूर हैं। स्थिति यह है कि नलों से पानी गायब है और लोग पीने के पानी के लिए बाहर से बोतलें खरीदने को विवश हैं। जल संकट का सबसे भयावह रूप सेक्टर-16सी स्थित महागुन मायवुड्स सोसायटी में देखने को मिल रहा है। यहां करीब पांच हजार परिवार रहते हैं, लेकिन पिछले चार दिनों से यहां हाहाकार मचा हुआ है। मुख्य सप्लाई से पानी का प्रेशर इतना कम है कि सोसायटी के अंडरग्राउंड वाटर टैंक भर ही नहीं पा रहे हैं। सोमवार को स्थिति यह रही कि सुबह से दोपहर तक टैंक मात्र 20 से 30 फीसदी ही भर पाया।सोसायटी के एओए अध्यक्ष अनिल वर्मा ने बताया कि पानी की भारी कमी को देखते हुए मेंटिनेंस टीम ने रविवार देर रात 15 निजी टैंकर मंगवाए, तब जाकर जलापूर्ति किसी तरह बहाल हो सकी। निवासियों का आरोप है कि वे नियमित रूप से मेंटिनेंस शुल्क दे रहे हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। संकट के पीछे बड़ी वजह बिल्डर की वित्तीय लापरवाही भी सामने आई है। जांच में पता चला है कि महागुन मायवुड्स के बिल्डर प्रबंधन ने 2016 से 2026 तक का पानी का बिल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को जमा नहीं किया है। बिल्डर पर प्राधिकरण का 2 करोड़ रुपये का बकाया है। निवासियों का कहना है कि बिल्डर हमसे तो पैसा वसूल रहा है, लेकिन प्राधिकरण का भुगतान न करने के कारण सप्लाई प्रभावित हो रही है। प्राधिकरण में रोजाना शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-3 में भी पानी की किल्लत बनी हुई है। निवासी राकेश ने बताया कि सुबह और शाम के समय आने वाली सप्लाई में अक्सर पानी ही नहीं आता। ग्रेनो प्राधिकरण में जल विभाग के सीनियर मैनेजर विनोद शर्मा ने बताया कि पानी की मुख्य सप्लाई में कम प्रेशर की शिकायत के बाद टीम को भेजकर दिखवाया गया है। हमारी तरफ से पानी की सप्लाई उचित मात्रा में दी जा रही है। सोसायटी के एसटीपी की समस्या हो सकता है, इसकी जांच करेंगे।