आवारा कुत्तों से परेशान होकर घरेलू सहायिकाओं ने काम पर आना छोड़ा

नवभारतटाइम्स.कॉम
stray dog menace maids quit work in greater noida west daily life affected
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित लोटस विला सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब यहां काम करने वाली घरेलू सहायिकाओं (मेड्स) ने अपनी सुरक्षा को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में घरेलू सहायिकाओं ने काम पर आने से इनकार कर दिया। इसका असर परिसर के जनजीवन पर पड़ा और दूसरे दिन भी 50 प्रतिशत घरों में सफाई और रसोई से जुड़े कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे।

रविवार को घरेलू सहायिकाओं ने सोसायटी के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया था। उनकी मांग है कि जब तक परिसर में आवारा कुत्तों की समस्या का कोई समाधान नहीं किया जाता, वे काम पर नहीं लौटेंगी। पिछले कुछ दिनों में परिसर में तीन घरेलू सहायिकाओं और डिलीवरी बॉय को कुत्तों ने अपना शिकार बनाया है। निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि परिसर में करीब 300 परिवार रह रहे हैं, जबकि 500 से अधिक परिवार इस भय के साये में जीने को मजबूर हैं। अन्य निवासी प्रशांत के अनुसार, कुत्तों के डर के कारण कई मेड्स सात दिनों से काम पर नहीं आ रही हैं। सोमवार को हालांकि औपचारिक हड़ताल नहीं थी, लेकिन काम पर लौटने वाली मेड्स की संख्या न के बराबर रही। परिसर में काम करने वाली 78 मेड्स में से अधिकतर ने दूरी बनाए रखी। सुबह दफ्तर जाने वाले लोगों को घर के काम अधूरे छोड़ने पड़े, वहीं शाम को घर लौटने के बाद उन्हें स्वयं सफाई और बर्तन जैसे कार्य करने पड़े। लोगों का आरोप है कि सोसायटी के मुख्य गेट और मंदिर के आसपास कुत्तों का जमावड़ा सबसे अधिक रहता है, जिसके कारण कुत्तों के काटने की अधिकांश घटनाएं यहीं होती हैं। निवासियों ने प्राधिकरण और संबंधित पशु कल्याण विभाग से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इन कुत्तों को वहां से हटाकर समस्या का समाधान किया जाए।