ट्रैक्टर और थार से किया जानलेवा स्टंट

नवभारतटाइम्स.कॉम
tractor thars dangerous stunt pulled by chain vehicle fell into pit people narrowly escaped
n NBT न्यूज, नूंह

फिरोजपुर झिरका में बीच सड़क पर थार और ट्रैक्टर से जानलेवा स्टंट करने का एक खतरनाक विडियो सामने आया है। विडियो में दोनों वाहनों को लोहे की चेन से बांधकर आमने-सामने ताकत आजमाते देखा जा सकता है। इस जोर-आजमाइश के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गड्ढे में गिरकर बिजली के खंभे से टकरा गया या। जिसमें वहां मौजूद लोग बाल–बाल बचे। जैसे ही यह विडियो पुलिस के संज्ञान में आया तो पुलिस दोनों वाहनों को ट्रेस कर उनके मालिकों तक पहुंची और उन्हें अरेस्ट कर दोनों वाहनों को थाने में लाकर खड़ा कर दिया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के लिए लोग नूंह एसपी डॉ. अर्पित जैन की प्रशंसा कर रहे है। थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि अनवर निवासी हसनपुर बिलोंडा जो थार गाड़ी का चालक है और जावेद निवासी अगोन जो ट्रैक्टर का चालक है, दोनों को अरेस्ट कर लिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कथित स्टंट सट्टा लगाकर किया जा रहा था। घटना फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के अगोन रोड पर हुई। विडियो में कई लोग सड़क किनारे खड़े होकर इस स्टंट को देखते और अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।