मुख्य रास्ते पर जलभराव और गड्ढों ने बढ़ाई मुसीबत

नवभारतटाइम्स.कॉम
villagers in jhalda village troubled by waterlogging and potholes warn of protest
n NBT न्यूज, दनकौर

झालड़ा गांव में मुख्य मार्ग लंबे समय से जलभराव की समस्या है। पानी भरने और गहरे गड्ढे बनने से आवागमन मुश्किल हो गया है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्राधिकरण अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने समाधान के लिए कुछ नहीं किया है।
ग्राम निवासी मामचंद बैसला ने बताया कि मुख्य रास्ते पर लगातार जलभराव रहने से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना जोखिम भरा हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूल बस गांव के अंदर नहीं आती, जिससे बच्चों को गांव से बाहर जाकर बस पकड़नी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण क्षेत्र में मच्छरों और जहरीले कीड़े-मकोड़ों की संख्या बढ़ गई है। आरोप है कि कई बार प्राधिकरण अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो वे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।