15 स्टेशन बनेंगे, कहीं भी चार्ज कर सकेंगे इलेक्ट्रिक वाहन

Contributed bySurender.Singh|नवभारतटाइम्स.कॉम
15 charging stations and 25 battery swapping points for electric vehicles to be built charge anywhere
Surender.singh

@Timesofindia.com
n गुड़गांव: आपके पास इलेक्ट्रिक वाहन है तो आने वाले समय में चार्जिंग के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं रहेगी। नगर निगम इस साल के अंत तक शहर के ज्यादातर एरिया में न केवल ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने जा रहा है, बल्कि जगह-जगह बैट्री स्वैपिंग पॉइंट्स भी बनाए जाएंगे। सितंबर में काम शुरू किया जाना है। इस साल की शुरुआत में सीएसएल कंपनी से एमओयू साइन होने के बाद अब कंपनी ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। सर्वे में सभी 40 पॉइंट्स फाइनल कर लिए गए हैं, जहां चार्जिंग स्टेशन और बैट्री स्वैपिंग का काम हो सकेगा।

केंद्र सरकार की पॉलिसी और कंपनी सीएसआर फंड के तहत यह चार्जिंग स्टेशन बनाए जाने हैं। जनवरी-2026 में नगर निगम और कंपनी के बीच एमओयू साइन हुआ था। इसके बाद मई और जून में कंपनी ने नगर निगम की टीमों के साथ मिलकर पॉइंट फाइनल कर लिए हैं। शहर में सेक्टर-56 मार्केट, सेक्टर-29, सेक्टर-34 मार्बल मार्केट, सुभाष चंद्र बोस पार्क, सेक्टर-23 हूडा मार्केट, पार्किंग डीडीआर चौक, सेक्टर-23ए मार्केट, सेक्टर-15 पार्ट टू मार्केट, डूंडाहेड़ा कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर नौ मार्केट, सेक्टर दस मार्केट, सेक्टर चार कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर-29 मार्केट, सेक्टर-31 बाजार, बादशाहपुर कम्युनिटी सेंटर और सेक्टर-47 कम्युनिटी सेंटर पर चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। 25 जगह बैट्री स्वैपिंग पॉइंट होंगे। इनमें सेक्टर 21, 22, 23, सेक्टर-31, 32, 39, 40, 45 मार्केट, सेक्टर-46, सेक्टर चार, सात, सेक्टर 14, सेक्टर-17, सुखराली चौक, वाटिका चाैक, सेक्टर-27 कम्युनिटी सेंटर, डूंडाहेड़ा कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर-15 पार्ट टू मार्केट, सेक्टर-44 जीएमडीए ऑफिस, गुरुद्वारा रोड कमला नेहरू पार्क, सेक्टर-47 एंटी करप्शन ब्यूरो दफ्तर के नजदीक चक्करपुर, सेक्टर-34 मार्बल मार्केट, सेक्टर नौ और सेक्टर दस मार्केट शामिल हैं।